मीवान स्टील माइंस के मजदूरों ने विधायक सावित्री मंडावी से लगाई गुहार, शोषण और परेशानियों को लेकर रखी अपनी बात

भानुप्रतापपुर, कांकेर। दुर्गूकोंदल विकासखंड के हाहालद्दी स्थित मीवान स्टील माइंस में काम करने वाले मजदूरों ने प्रबंधन पर कथित शोषण और कार्यस्थल पर विभिन्न समस्याओं को लेकर आवाज उठाई है। अपनी समस्याओं के निराकरण और न्याय की मांग को लेकर मजदूरों ने भानुप्रतापपुर विधायक श्रीमती सावित्री मनोज मंडावी से मुलाकात कर उन्हें अपनी परेशानियों से अवगत कराया।
इस दौरान मजदूरों ने माइंस में काम करने के दौरान सामने आ रही समस्याओं, कार्यस्थल की परिस्थितियों और प्रबंधन से जुड़ी शिकायतों को विस्तारपूर्वक विधायक के सामने रखा। साथ ही मजदूरों ने मामले में हस्तक्षेप कर उन्हें न्याय दिलाने और उनकी जायज मांगों का निराकरण कराने की मांग की।
मजदूरों की समस्याएं सुनने के बाद विधायक सावित्री मनोज मंडावी ने उनकी बातों को गंभीरता से लिया। उन्होंने आश्वासन दिया कि मजदूरों की शिकायतों को संबंधित अधिकारियों और माइंस प्रबंधन के समक्ष रखा जाएगा तथा समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक पहल की जाएगी।
विधायक ने कहा कि श्रमिकों के अधिकारों की रक्षा और उनके साथ न्याय सुनिश्चित करना जरूरी है। मजदूरों की समस्याओं की अनदेखी नहीं होनी चाहिए। उनके हितों के संरक्षण और जायज मांगों के निराकरण के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा।
अब देखना होगा कि मजदूरों द्वारा उठाई गई समस्याओं पर माइंस प्रबंधन और संबंधित विभाग क्या कदम उठाते हैं।
बस्तर एक्सप्रेस डिजिटल |



