पत्नी को चचेरे भाई के साथ आपत्तिजनक हालत में देख पति ने किया हमला, 15 वर्षीय किशोर की मौत

अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले से रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। पत्नी को अपने 15 वर्षीय चचेरे भाई के साथ आपत्तिजनक हालत में देखने के बाद पति ने दोनों पर डंडे से हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल किशोर की उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि आरोपी की पत्नी का अस्पताल में इलाज जारी है।
मिली जानकारी के अनुसार, घटना बलरामपुर जिले के शंकरगढ़ थाना क्षेत्र की है। बताया जा रहा है कि 15 वर्षीय किशोर अपने चचेरे भाई के घर दशकर्म कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचा था। इसी दौरान पति ने अपनी पत्नी और किशोर को कथित तौर पर आपत्तिजनक हालत में देख लिया।
इसके बाद गुस्से में आकर पति ने दोनों पर डंडे से हमला कर दिया। हमले में पत्नी और किशोर गंभीर रूप से घायल हो गए। हैरानी की बात यह है कि घटना के बाद आरोपी खुद ही दोनों घायलों को अस्पताल लेकर पहुंचा।
दोनों को उपचार के लिए अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान 15 वर्षीय किशोर ने दम तोड़ दिया। वहीं, आरोपी की पत्नी का उपचार जारी है।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।



