Skip to content
BREAKING

15वें वित्त आयोग की राशि का भुगतान अटका, सरपंचों में नाराजगी, सरपंच संघ ब्लाक उपाध्यक्ष जयप्रकाश गावड़े ने दी आंदोलन की चेतावनी

15वें वित्त आयोग की राशि का भुगतान अटका, सरपंचों में नाराजगी, सरपंच संघ ब्लाक उपाध्यक्ष जयप्रकाश गावड़े ने दी आंदोलन की चेतावनी
📷 Surya Nevendra

चारामा, कांकेर। ग्राम पंचायतों में 15वें वित्त आयोग की राशि से कराए गए विकास एवं निर्माण कार्यों का भुगतान लंबे समय से लंबित होने के कारण सरपंचों, व्यापारियों, मजदूरों और ठेकेदारों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसको लेकर सरपंच संघ चारामा के उपाध्यक्ष एवं ग्राम पंचायत चारामा के सरपंच जयप्रकाश गावड़े (जेपी) ने शासन के प्रति नाराजगी जाहिर की है।

जानकारी के अनुसार, पंचायतों में गांव के विकास के लिए नाली निर्माण, सीसी सड़क, मरम्मत सहित कई आवश्यक कार्य कराए गए हैं। लेकिन कार्य पूर्ण होने के बाद भी संबंधित व्यापारियों, मजदूरों और ठेकेदारों को उनकी मेहनत एवं सामग्री की राशि का भुगतान नहीं हो पाया है। इससे पंचायत प्रतिनिधियों के सामने भी आर्थिक और जवाबदेही से जुड़ी समस्याएं खड़ी हो रही हैं।

जयप्रकाश गावड़े ने शासन से मांग की है कि 15वें वित्त आयोग की लंबित राशि तत्काल जारी की जाए और पूर्ण हो चुके निर्माण कार्यों का भुगतान जल्द कराया जाए। साथ ही भुगतान में देरी के कारणों को स्पष्ट करते हुए इसके लिए समय-सीमा निर्धारित की जाए।

उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ही लंबित भुगतान नहीं किया गया तो सरपंच संघ एकजुट होकर शासन-प्रशासन के समक्ष अपनी मांगें उठाएगा और लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा। उन्होंने कहा कि पंचायतों में विकास कार्य कराने वाले व्यापारियों, मजदूरों और ठेकेदारों का भुगतान रोकना उचित नहीं है। गांव के विकास और मेहनतकश लोगों के हित में लंबित राशि का शीघ्र भुगतान किया जाना चाहिए।

ShareXFacebook
E
Editorial Desk · Editor

The editors of this publication. Replace with your real editors in News Desk → Authors.