चारामा के अक्षय अवस्थी का क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन, प्लेट कॉम्बाइन टीम में मिली जगह, गेंदबाजी से बटोरी सुर्खियां

चारामा। छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ द्वारा आयोजित इंटर डिस्ट्रिक्ट अंडर-14 प्लेट ग्रुप टूर्नामेंट में चारामा के होनहार क्रिकेट खिलाड़ी अक्षय अवस्थी ने शानदार प्रदर्शन कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। अपने बेहतरीन खेल और मेहनत के दम पर अक्षय ने प्लेट कॉम्बाइन टीम में जगह बनाई है।
टूर्नामेंट के दौरान अक्षय ने अपनी धारदार गेंदबाजी से सभी का ध्यान आकर्षित किया। उन्होंने कुल 15 ओवर गेंदबाजी करते हुए कई महत्वपूर्ण मौकों पर विकेट हासिल किए।
चारामा क्रिकेट संगठन के अध्यक्ष अंकित शर्मा ने बताया कि अक्षय एक जुझारू बॉलिंग ऑलराउंडर हैं। उन्होंने कड़ी धूप हो या बारिश, कभी भी अभ्यास और मेहनत से पीछे नहीं हटे। आज मिली सफलता उनकी निरंतर मेहनत और लगन का परिणाम है।
अक्षय की इस उपलब्धि पर चारामा क्रिकेट संगठन एवं क्षेत्रवासियों ने खुशी जाहिर करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। उनकी यह सफलता न केवल चारामा बल्कि पूरे जिले के लिए गर्व का विषय है।



