जगदलपुर में चाकू मारकर मन्नू कश्यप की हत्या, तीन आरोपी गिरफ्तार, दो नाबालिग भी हिरासत में,एक ही मोहल्ले के दो परिवारों के बीच हुआ था विवाद, पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल चाकू किया जब्त

जगदलपुर 24 नवंबर 2026:— शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में आपसी विवाद के चलते एक व्यक्ति की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। घटना में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो नाबालिगों को भी हिरासत में लेकर न्यायालय में पेश किया गया है।
पुलिस के अनुसार, 22 नवंबर की रात करीब 8:30 बजे एक ही मोहल्ले में रहने वाले दो परिवारों के बीच विवाद हो गया। इस दौरान एक नाबालिग ने अपने परिवार के सदस्यों के साथ मिलकर मन्नू कश्यप पर धारदार चाकू से हमला कर दिया। आरोपियों ने मन्नू के सीने, पेट और पीठ पर कई वार किए। गंभीर चोट लगने से उसकी मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सरिता बघेल (40), झितरू बघेल (75) और शोभा बघेल (65) को गिरफ्तार किया। वहीं, दो नाबालिगों को भी निरुद्ध किया गया।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपराध स्वीकार किया। उनकी निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर जब्त किया गया है। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। वहीं, दोनों नाबालिगों को भी न्यायालय में पेश किया गया है।
बस्तर पुलिस ने कहा है कि अपराध में शामिल लोगों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा
रही है।



