सड़क दुर्घटनाओं को रोकने आगे आए पप्पू मोटवानी, रात में वाहन चालकों को किया जागरूक,बाईपास मार्ग पर वाहन चालकों से की चर्चा, गाड़ियों पर लगाए रेडियम रिफ्लेक्टर; धीमी गति और सही तरीके से अपर-डिपर इस्तेमाल करने की अपील

कांकेर 28 अगस्त2026:— जिले में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए समाजसेवी संगठन जन सहयोग के अध्यक्ष अजय पप्पू मोटवानी ने एक नई पहल की है। उन्होंने रात के समय बाईपास मार्ग से गुजरने वाले वाहन चालकों से मुलाकात कर सड़क सुरक्षा को लेकर चर्चा की और उन्हें सावधानी बरतने की समझाइश दी।
बताया गया कि कांकेर और आसपास के क्षेत्रों में खासकर बाईपास मार्ग पर कई सड़क दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। हाल ही में रात के समय बाईपास में एक मोटरसाइकिल ट्रक से टकरा गई, जिसमें एक छोटा बच्चा भी दुर्घटना का शिकार हुआ। घटना की जानकारी मिलने पर अजय पप्पू मोटवानी मौके पर पहुंचे और अपनी ओर से मदद की।
पप्पू मोटवानी ने बताया कि वे हर रात जिला अस्पताल में नि:शुल्क सेवा देने जाते हैं। इसी दौरान उन्हें दुर्घटना की जानकारी मिली। इसके बाद उन्होंने मौके पर पहुंचकर मदद की और वहां मौजूद वाहन चालकों से सड़क दुर्घटनाओं के कारणों पर चर्चा की।
इस दौरान उन्होंने वाहन चालकों से अपील की कि रात में गाड़ी की रफ्तार कम रखें, नशे की हालत में वाहन न चलाएं और अपर-डिपर का सही तरीके से इस्तेमाल करें। उन्होंने कहा कि सड़क पर छोटी सी लापरवाही भी किसी की जान ले सकती है। वाहन चालकों ने भी बताया कि कई बार छोटी गाड़ियों के चालक सही तरीके से अपर-डिपर का संकेत नहीं देते, जिससे सामने से आने वाले बड़े वाहनों के चालकों को परेशानी होती है।
इस पहल के तहत पप्पू मोटवानी ने रात में बाईपास से गुजरने वाले वाहनों पर रेडियम रिफ्लेक्टर पट्टियां भी लगाईं। साथ ही वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। उन्होंने कहा कि हर वाहन चालक के परिवार के लोग उसका घर लौटने का इंतजार करते हैं। इसलिए अपनी और दूसरों की जिंदगी का ध्यान रखना जरूरी है।
उन्होंने छत्तीसगढ़ के सभी वाहन चालकों से अपील की कि यातायात नियमों का पालन करें और सावधानी से वाहन चलाएं, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में किसी परिवार का चिराग न बुझे।



