दीपावली की खुशियां मातम में बदलीं, शराब के नशे में दामाद ने टंगिया से मामा ससुर को उतारा मौत के घाट

बालोद। जगन्नाथ साहू, बालोद। दीपावली की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब जिले के महामाया थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम आड़ेझर में एक सनसनीखेज हत्या की वारदात सामने आई। शराब के नशे में विवाद के दौरान दामाद ने अपने मामा ससुर पर टंगिया से जानलेवा हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया।
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम आड़ेझर निवासी रत्तीराम (60 वर्ष) देर रात अपने घर में सो रहे थे। इसी दौरान आरोपी सुखराम नेताम शराब के नशे में अपनी पत्नी के साथ विवाद कर रहा था। बताया जा रहा है कि विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने पास में सो रहे अपने मामा ससुर रत्तीराम पर टंगिया से हमला कर दिया। हमले में गंभीर चोट लगने से रत्तीराम की मौत हो गई।
घटना देर रात करीब 12 बजे की बताई जा रही है। हमले की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण जाग गए और मौके पर पहुंच गए। इसके बाद ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़कर खूंटे से बांध दिया और पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही महामाया थाना पुलिस और डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने आरोपी सुखराम नेताम को हिरासत में ले लिया। वहीं मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
दीपावली की रात हुई इस दर्दनाक वारदात से पूरे गांव में शोक और सनसनी का माहौल है।



