दीपावली पर जुआरियों के खिलाफ कांकेर पुलिस का बड़ा एक्शन, 3 जगहों पर छापेमारी कर 13 लोगों को किया गिरफ्तार

कांकेर। दीपावली पर्व के दौरान जुआ खेलने वालों के खिलाफ कांकेर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने शहर और आसपास के तीन अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर जुआ खेलते हुए कुल 13 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 22 हजार 360 रुपये नकद, 6 मोबाइल फोन और 8 मोटरसाइकिल जब्त की हैं। जब्त संपत्ति की कुल कीमत लगभग 2 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक निखिल अशोक कुमार राखेचा के निर्देशन एवं एसडीओपी हरिश पाटिल के मार्गदर्शन में जिले में चलाए जा रहे 'उजियार अभियान' के तहत अवैध गतिविधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम में 9 नवंबर को थाना प्रभारी जितेन्द्र कुमार साहू के नेतृत्व में पुलिस एवं साइबर सेल की संयुक्त टीम गठित की गई। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने तीन अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी। इनमें ग्राम व्यासकोगेरा बाजार लाड़ी का खुला मैदान, कांकेर के टिकरापारा पानी टंकी के पास और संजयनगर स्थित जमातखाना के पीछे शामिल हैं।
पुलिस ने तीनों स्थानों पर घेराबंदी कर रेड कार्रवाई की। इस दौरान कुछ लोग पुलिस को देखकर फरार हो गए, जबकि 13 आरोपियों को पकड़ लिया गया। मौके से ताश की 156 पत्तियां, 22,360 रुपये नकद, 6 मोबाइल फोन और 8 मोटरसाइकिल जब्त की गईं।
पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 3(2) के तहत तीन अलग-अलग अपराध दर्ज कर विधिवत गिरफ्तार किया है।
कांकेर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध या आपराधिक गतिविधि की सूचना पुलिस को दें। इसके लिए हेल्पलाइन नंबर 94791-55125 जारी किया गया है। पुलिस के अनुसार सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।



