ग्राम पूरी के साप्ताहिक बाजार में चारामा पुलिस ने चलाया जागरूकता अभियान,,साइबर ठगी, यातायात नियम, नशामुक्ति और महिला सुरक्षा की दी जानकारी

चारामा 23 नवंबर 2026:-ग्राम पूरी के साप्ताहिक बाजार में रविवार को चारामा पुलिस ने जनजागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान चलित थाना लगाकर बाजार पहुंचे ग्रामीणों और आम नागरिकों को साइबर अपराध, यातायात नियम, नशामुक्ति और महिला सुरक्षा के बारे में जानकारी दी गई।
पुलिस टीम ने लोगों को ऑनलाइन ठगी से बचने के तरीके बताए। अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने, किसी को भी ओटीपी और बैंक से जुड़ी गोपनीय जानकारी नहीं देने की समझाइश दी। साथ ही साइबर ठगी होने पर तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत करने की जानकारी दी गई।
पुलिस ने वाहन चालकों को हेलमेट और सीट बेल्ट का उपयोग करने, तेज रफ्तार से वाहन नहीं चलाने और नशे की हालत में गाड़ी नहीं चलाने की सलाह दी। युवाओं को नशे से दूर रहने और नशामुक्त समाज बनाने में सहयोग करने की अपील भी की गई।
इसके अलावा महिलाओं और बालिकाओं को उनके कानूनी अधिकारों, महिला सुरक्षा और जरूरत पड़ने पर पुलिस से मदद लेने के बारे में बताया गया। चारामा पुलिस ने ग्रामीणों से जागरूक नागरिक बनने और सुरक्षित समाज बनाने में पुलिस का सहयोग करने की अपील की।



