आंवरी में अवैध शराब बिक्री पर पुलिस की रेड, 61 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार, 44 पौवा शराब और नगदी जब्त
उजियारा अभियान के तहत ग्राम आंवरी में हुई कार्रवाई, देशी प्लेन यूनिक और शेरा शराब मिलाकर 7.920 बल्क लीटर शराब बरामद

चारामा/कांकेर 17 नवंबर 2026। अवैध शराब बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चारामा पुलिस ने ग्राम आंवरी में कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से देशी प्लेन यूनिक और शेरा ब्रांड की कुल 44 पौवा शराब, जिसकी मात्रा 7.920 बल्क लीटर बताई गई है, बरामद की है। इसके साथ ही 200 रुपये नगद भी जब्त किए गए हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक कांकेर निखिल अशोक कुमार राखेचा के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश साहू के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी हरीश पाटिल के पर्यवेक्षण में थाना चारामा पुलिस और साइबर सेल कांकेर की टीम द्वारा अवैध शराब बिक्री करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम में 16 नवंबर 2026 को साइबर सेल कांकेर को मुखबिर से ग्राम आंवरी में अवैध रूप से शराब बिक्री किए जाने की सूचना मिली। सूचना की तस्दीक के बाद चारामा पुलिस ने गांव में विजय कुमार सिन्हा (61 वर्ष), पिता रामाधीन सिन्हा, निवासी आंवरी के घर की बाड़ी में दबिश देकर तलाशी ली।
इस दौरान पुलिस को 22 पौवा देशी प्लेन यूनिक और 22 पौवा शेरा शराब, कुल 44 पौवा बरामद हुई। प्रत्येक पौवा में 180 एमएल शराब भरी हुई थी। पुलिस ने शराब और 200 रुपये नगद जब्त कर आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की।
मामले में थाना चारामा में अपराध क्रमांक 243/26 के तहत धारा 34(2) आबकारी एक्ट में अपराध पंजीबद्ध किया गया है।
कार्रवाई में इनकी रही भूमिका
इस कार्रवाई में प्रशिक्षु हेमंत मारगिया, सहायक उप निरीक्षक माखनलाल नागवंशी, महिला प्रधान आरक्षक सुमति गोटी एवं साइबर सेल कांकेर की टीम का विशेष योगदान रहा।
पुलिस की अपील
कांकेर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि अपराध नियंत्रण पुलिस और जनता की साझा जिम्मेदारी है। किसी भी संदिग्ध या आपराधिक गतिविधि की सूचना पुलिस हेल्पलाइन नंबर 9479155125 पर दें। पुलिस के अनुसार सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।



