Skip to content
BREAKING
स्कूल भवन निर्माण में लाखों के लेनदेन पर उठे सवाल, काम कराने वाले पूर्व सचिव को नहीं मिला 2.91 लाख का भुगतान,,, 10 दिन का अल्टीमेटमकांकेर में धूमधाम से मनाया गया जनजातीय गौरव दिवस, डिप्टी सीएम अरुण साव ने की 30 लाख रुपये की घोषणाजीएसटी अधिकारी के घर एसीबी की रेड, डेढ़ लाख रुपये मांगने का आरोप, अधिकारी गिरफ्तारचारामा में गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व की धूम, प्रभात फेरी से गूंज रही गुरु वाणी, 24 नवंबर को निकलेगी भव्य शोभायात्रासराधू नवागांव में धूमधाम से मनाई गई भगवान सहस्त्रबाहु अर्जुन जयंती, कलश शोभायात्रा और मानस मंच ने बांधा समांकबड्डी प्रतियोगिताओं के आयोजन के लिए अब जिला और राज्य संघ से लेनी होगी अनुमति,उत्तर बस्तर कांकेर कबड्डी एसोसिएशन की वार्षिक बैठक में लिए गए

कांकेर में धूमधाम से मनाया गया जनजातीय गौरव दिवस, डिप्टी सीएम अरुण साव ने की 30 लाख रुपये की घोषणा

कांकेर में धूमधाम से मनाया गया जनजातीय गौरव दिवस, डिप्टी सीएम अरुण साव ने की 30 लाख रुपये की घोषणा
📷 सूर्या नेवेंद्र

कांकेर, 21 नवंबर 2026। जिला मुख्यालय कांकेर में भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर जिला स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस उत्साह और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री एवं कांकेर जिले के प्रभारी मंत्री अरुण साव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। वहीं कांकेर लोकसभा क्षेत्र के सांसद भोजराज नाग ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। इस दौरान जनप्रतिनिधियों, सामाजिक पदाधिकारियों और बड़ी संख्या में जनजातीय समाज के लोगों की उपस्थिति रही।

कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ आदिवासी समाज के आंगादेव की पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि एवं शांति की कामना की। इसके बाद उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा के साहस, संघर्ष और बलिदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ आंदोलन का नेतृत्व कर जनजातीय समाज को एकजुट किया और जल, जंगल, जमीन के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष किया। उनका योगदान सदैव देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2021 से भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने की शुरुआत की गई, ताकि देश के जनजातीय नायकों के योगदान और गौरवशाली संस्कृति को राष्ट्रीय पहचान मिल सके। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार जनजातीय समाज के शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास, सड़क, रोजगार और मूलभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार कार्य कर रही है। पीएम जनमन योजना और एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय जैसी योजनाओं से जनजातीय समुदाय को लाभ मिल रहा है।

बिरसा मुंडा की प्रतिमा के लिए 10 और सामुदायिक भवन के लिए 20 लाख की घोषणा

कार्यक्रम के दौरान उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कांकेर के उदय नगर स्थित बिरसा मुंडा चौक में भगवान बिरसा मुंडा की आदमकद प्रतिमा स्थापित करने के लिए 10 लाख रुपये तथा सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 20 लाख रुपये देने की घोषणा की। इस तरह दोनों विकास कार्यों के लिए कुल 30 लाख रुपये की सौगात दी गई। इस अवसर पर जिले की प्रमुख विभूतियों एवं प्रतिभावान व्यक्तित्वों को सम्मानित भी किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे सांसद भोजराज नाग ने जनजातीय समाज के योगदान को याद करते हुए शिक्षा के प्रसार, सामाजिक एकजुटता और नशामुक्ति पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि समाज की सामाजिक चुनौतियों को दूर करने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना होगा।

कांकेर विधायक आशाराम नेताम ने कहा कि जनजातीय समाज की पहचान उसकी संस्कृति, परंपराओं और सामाजिक विरासत से है। इसे सहेजना और अगली पीढ़ी तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है। वहीं अंतागढ़ विधायक विक्रम देव उसेंडी ने भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष को याद करते हुए शिक्षा, जागरूकता और एकजुटता के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।

इस अवसर पर बस्तर संभाग गोंडवाना समाज के अध्यक्ष सुमेर सिंह नाग, महेश जैन सहित अन्य वक्ताओं ने भी जनजातीय समाज की संस्कृति, परंपराओं और सामाजिक विकास पर अपने विचार रखे।

कलेक्टर कुन्दन कुमार ने कहा कि जनजातीय समाज के सर्वांगीण विकास के लिए शासन और जिला प्रशासन लगातार प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने युवाओं को आधुनिक तकनीक, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, शिक्षा और कौशल विकास से जोड़ने की आवश्यकता बताई, ताकि उन्हें रोजगार के नए अवसर मिल सकें।

कार्यक्रम स्थल पर स्वास्थ्य, आदिवासी विकास, स्कूल शिक्षा, महिला एवं बाल विकास, वन, कृषि, समाज कल्याण, उद्यानिकी सहित विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए। इनके माध्यम से जनजातीय समाज के लोगों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और सुविधाओं की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष किरण नरेटी, उपाध्यक्ष तारा ठाकुर, नगर पालिका अध्यक्ष अरुण कौशिक, उपाध्यक्ष उत्तम यादव, पूर्व सांसद मोहन मंडावी, पूर्व विधायक देवलाल दुग्गा एवं सुमित्रा मारकोले, पूर्व विधायक रंजना साहू, पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा, जिला पंचायत सीईओ हरेश मंडावी सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में जनजातीय समाज के लोग उपस्थित रहे।

ShareXFacebook
C
City Desk · Reporter

Ground reports from your city. Replace with your reporters in News Desk → Authors.