अज्ञात वाहन की टक्कर से सड़क पर घायल पड़ा था ग्रामीण, सूचना मिलते ही कोरर पुलिस ने दिखाई तत्परता, एंबुलेंस से पहुंचाया अस्पताल

कोरर/कांकेर। जिले के मावलीपारा के पास बुधवार शाम सड़क दुर्घटना में ग्राम चिल्हाटी निवासी एक ग्रामीण घायल हो गए। किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे वे घायल होकर सड़क पर पड़े थे। सूचना मिलते ही थाना कोरर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाने में मदद की।
मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार की शाम करीब 6:20 बजे मावलीपारा–कोकानपुर मार्ग के पास यह दुर्घटना हुई। हादसे में राकेश निर्मलकर, पिता प्रेम लाल निर्मलकर, निवासी ग्राम चिल्हाटी घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलने पर थाना कोरर में पदस्थ आरक्षक तुलसी सिन्हा एवं पंकज नेताम तत्काल मौके पर पहुंचे। उन्होंने मानवीय संवेदनशीलता दिखाते हुए 108 एंबुलेंस की सहायता से घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धनेलीकन्हार पहुंचाया, जहां उन्हें प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया गया।
समय पर पुलिस की सहायता मिलने से घायल को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया जा सका। थाना कोरर पुलिस की इस तत्परता और संवेदनशीलता की सराहना की जा रही है।



