कांकेर पुलिस एक्शन मोड में,, नशे के कारोबारियों से लेकर गौ-तस्करों तक पर होगी सख्त कार्रवाई, SP निखिल राखेचा ने थाना प्रभारियों को दिए निर्देश
अपराध नियंत्रण, लंबित मामलों के निराकरण और सड़क सुरक्षा पर हुई समीक्षा; पैडलर से मुख्य सप्लायर तक पहुंचेगी पुलिस, साइबर अपराध और महिला सुरक्षा पर भी विशेष जोर।

कांकेर, 17 नवम्बर 2026। जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने, अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण और लंबित मामलों के त्वरित निराकरण को लेकर पुलिस अधीक्षक निखिल अशोक कुमार राखेचा (भापुसे) ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभाकक्ष में जिले के समस्त राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना-चौकी प्रभारियों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में अपराध नियंत्रण, मादक पदार्थों की तस्करी, गौवंश की अवैध तस्करी, साइबर अपराध, महिला सुरक्षा और सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में पुलिस अधीक्षक ने गंभीर एवं लंबित अपराधों की समीक्षा करते हुए सभी प्रकरणों का त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने लंबित गुम इंसान, मर्ग एवं शिकायतों का प्राथमिकता से निराकरण करने, स्थायी वारंटियों की तामीली करने तथा संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित पेट्रोलिंग बढ़ाने पर जोर दिया। साथ ही असामाजिक तत्वों पर सतत निगरानी रखते हुए उनके विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
नशे के कारोबारियों के पूरे नेटवर्क तक पहुंचेगी पुलिस
मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर सख्ती दिखाते हुए एसपी ने एनडीपीएस के मामलों में विशेष रणनीति के तहत जांच करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि केवल नशे के पैडलर तक कार्रवाई सीमित न रहे, बल्कि टॉप-टू-बॉटम और बॉटम-टू-टॉप जांच करते हुए मुख्य सप्लायर और पूरे नेटवर्क के सरगना की पहचान की जाए। आदतन नशा कारोबारियों को चिह्नित कर आवश्यकतानुसार PIT-NDPS एक्ट के तहत कार्रवाई के प्रस्ताव तैयार करने तथा सूचना तंत्र को मजबूत बनाने के निर्देश भी दिए गए।
गौवंश तस्करी पर सघन चेकिंग के निर्देश
गौवंश की अवैध तस्करी एवं परिवहन पर प्रभावी रोक लगाने के लिए सभी थाना और चौकी प्रभारियों को सतत निगरानी रखने तथा संदिग्ध मार्गों पर सघन चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। एसपी ने इस दिशा में पुलिस की सक्रियता और जवाबदेही सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
सड़क दुर्घटनाओं और साइबर अपराधों पर विशेष फोकस
जिले में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए दुर्घटनाजन्य क्षेत्रों की पहचान कर आवश्यक निवारक एवं प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। यातायात नियमों के पालन के लिए जनजागरूकता अभियान चलाने तथा प्रभावी प्रिवेंटिव पुलिसिंग पर जोर दिया गया। इसके साथ ही आपातकालीन परिस्थितियों में आम नागरिकों को समय पर सहायता उपलब्ध कराने के लिए डायल-112 की प्रतिक्रिया व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए।
साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने, साइबर शिकायत पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों का समय-सीमा में निराकरण करने तथा साइबर अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
महिला सुरक्षा और सामुदायिक पुलिसिंग को मिलेगी प्राथमिकता
महिला एवं बालिकाओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए महिला रक्षा टीम को सक्रिय भूमिका निभाने के निर्देश दिए गए। महिला सुरक्षा, साइबर सुरक्षा और आत्मरक्षा से संबंधित जागरूकता कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित करने पर भी जोर दिया गया।
वहीं 'मोर मितान-कांकेर पुलिस' अभियान की समीक्षा करते हुए एसपी ने इसे अधिक सक्रिय और परिणामोन्मुखी बनाने की बात कही। उन्होंने आम नागरिकों के साथ निरंतर संवाद स्थापित कर पुलिस और जनता के बीच विश्वास एवं बेहतर समन्वय विकसित करने के निर्देश दिए।
विवेचना की गुणवत्ता और पुलिसकर्मियों की जवाबदेही पर जोर
बैठक में प्रत्येक प्रकरण की विवेचना की प्रगति, साक्ष्यों के संकलन, आरोपियों की गिरफ्तारी और 60/90 दिवस के भीतर चालान प्रस्तुत करने की स्थिति की समीक्षा की गई। विवेचकों को निष्पक्ष एवं वैज्ञानिक साक्ष्यों पर आधारित गुणवत्तापूर्ण जांच करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा जिले में प्रशिक्षणरत प्रशिक्षु उप निरीक्षकों के कार्यों और व्यावहारिक प्रशिक्षण की भी समीक्षा की गई।
बैठक के अंत में पुलिस अधीक्षक ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अनुशासन, जवाबदेही और संवेदनशीलता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने के निर्देश दिए। साथ ही पुलिस कर्मचारियों के कल्याण और उनकी समस्याओं के निराकरण पर भी विशेष ध्यान देने की बात कही।
इस समीक्षा बैठक में एएसपी आशीष बंछोर, एएसपी राकेश कुर्रे, एएसपी योगेश साहू, एसडीओपी शेर बहादुर सिंह ठाकुर, हरीश पाटिल, कुलदीप बंजारे, संतोष जैन, डीएसपी प्रतिभा लहरें, विंकेश्वरी पिंदे, कविता धुर्वे, रक्षित निरीक्षक गोविन्द वर्मा, दीपक साव सहित जिले के समस्त थाना एवं चौकी प्रभारी उपस्थित रहे।



