CG : 5 तस्कर..2 कार और 131 किलो से अधिक गांजा की हो रही थी तस्करी,तभी पहुंच गई पुलिस और फिर 68 लाख के गांजा सहित सभी गिरफ्तार...

धमतरी,15 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ के धमतरी पुलिस ने गांजा तस्करी पर बड़ी कार्रवाई किया है। बताया गया कि यहां पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 131.668 किलोग्राम गांजा जब्त किया है। वहीं मामले में पुलिस ने महाराष्ट्र के पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है। साथ ही गांजा तस्करी में इस्तेमाल की जा रही दो कारों और पांच मोबाइल फोन सहित कुल 72 लाख 45 हजार 400 रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।
जानकारी के मुताबिक उड़ीसा के जयपुर क्षेत्र से चारामा होते हुए महाराष्ट्र की ओर दो कारों में गांजा ले जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद धमतरी के श्यामतराई नाका पर घेराबंदी कर टाटा नैनो (CG 07 MA 4067) और स्विफ्ट डिजायर (MH 04 GD 7906) को रोका गया। दोनों वाहनों की तलाशी लेने पर भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ।
इस मामले में गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कुंदन उर्फ सचिन कैलाश ईगेडे (27), रामेश्वर सालिक राम दांडगे (31), राबिनसन लॉरेंस फर्नांडिस (32), लखन गुलाब बेलदार (34) और गणेश विजय पाटिल (29) के रूप में हुई है। सभी महाराष्ट्र के निवासी हैं।
65.83 लाख रुपये का गांजा जब्त।
जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 65 लाख 83 हजार 400 रुपये बताई गई है। इसके अलावा टाटा नैनो कार की कीमत 50 हजार, स्विफ्ट डिजायर की कीमत 5 लाख और पांच मोबाइल फोन की कीमत 1 लाख 12 हजार रुपये आंकी गई है। इस तरह कुल जब्ती 72 लाख 45 हजार 400 रुपये की है।
मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। गांजा कहां से लाया गया था और महाराष्ट्र में किन लोगों तक पहुंचाया जाना था, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। इस तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।



