पहले गाली-गलौज, फिर सीने पर चाकू.. कोरर बस स्टैंड पर वाहन चालक को दी जान से मारने की धमकी, आरोपी गिरफ्तार

कांकेर। कांकेर जिले के कोरर बस स्टैंड पर एक वाहन चालक को चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी देने और हमला कर चोट पहुंचाने का मामला सामने आया है। घटना में त्वरित कार्रवाई करते हुए कोरर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया स्टील का धारदार चाकू भी बरामद किया है।
सीने पर चाकू टिकाकर दी जान से मारने की धमकी
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 18 नवंबर 2026 को कांकेर निवासी चमन लाल साहू (32 वर्ष) ने थाना कोरर में शिकायत दर्ज कराई थी। प्रार्थी ने बताया कि आरोपी खेमन नेताम ने उसके सीने पर चाकू टिकाकर अश्लील गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी।
इस दौरान जब प्रार्थी ने आरोपी को रोकने और वहां से हटाने का प्रयास किया तो आरोपी ने अपने हाथ में रखे चाकू से उसके बाएं हाथ के अंगूठे पर वार कर दिया, जिससे उसे चोट आई। शिकायत के आधार पर कोरर पुलिस ने अपराध क्रमांक 144/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 115(2) और 351(3) में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर चाकू किया बरामद
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार साहू एवं एसडीओपी हरीश पाटिल के मार्गदर्शन में कोरर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की।
थाना प्रभारी निरीक्षक नरेन्द्र कुमार मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी खेमन नेताम को हिरासत में लेकर पूछताछ की। इस दौरान आरोपी के कब्जे से घटना में इस्तेमाल किया गया स्टील का धारदार चाकू बरामद किया गया। मामले में आर्म्स एक्ट की धारा 25 एवं 27 भी जोड़ी गई।
पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपी का विवरण
खेमन नेताम, पिता स्व. नीलम नेताम, उम्र 25 वर्ष, निवासी राडवाही, थाना कोरर, जिला उत्तर बस्तर कांकेर।
कार्रवाई में इन पुलिसकर्मियों की रही भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक नरेन्द्र कुमार मिश्रा, सहायक उप निरीक्षक वीर सिंह ठाकुर, प्रधान आरक्षक कन्हैया पटेल एवं प्रधान आरक्षक लकेश कुमार रावते की महत्वपूर्ण भूमिका रही।



