मुक्तिधाम से 94 वर्षीय बुजुर्ग महिला की अस्थियां गायब, चिता स्थल पर मिला नारियल और दिया, गांव में मचा हड़कंप

बालोद। जगन्नाथ साहू। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। गुरुर ब्लॉक के ग्राम खैरवाही में 94 वर्षीय बुजुर्ग महिला के अंतिम संस्कार के बाद मुक्तिधाम से उनकी अस्थियां गायब हो गईं। परिजन जब दूसरे दिन पूजा करने चिता स्थल पहुंचे तो वहां नारियल, दिया और अगरबत्ती रखे मिले। इसके बाद जब उन्होंने चिता की ठंडी हो चुकी राख में अस्थियां तलाशीं तो वे गायब मिलीं। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण हैरान रह गए। मामले में परिजनों ने गुरुर थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है और अस्थियों की तलाश करने की मांग की है।
अंतिम संस्कार के अगले दिन मुक्तिधाम पहुंचे थे परिजन
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम खैरवाही निवासी 94 वर्षीय विद्यावती रुखमणी शर्मा का 12 नवंबर की रात करीब 11 बजे निधन हो गया था। इसके बाद 13 नवंबर को दोपहर लगभग 12:30 बजे गांव के मुक्तिधाम में उनका अंतिम संस्कार किया गया।
अंतिम संस्कार के अगले दिन यानी 14 नवंबर की शाम को उनके बड़े बेटे बालमुकुंद शर्मा परिवार के अन्य सदस्यों के साथ पूजा-अर्चना करने मुक्तिधाम पहुंचे। वहां चिता स्थल पर नारियल, दिया और अगरबत्ती रखे देखकर वे हैरान रह गए। शुरुआत में उन्हें कुछ समझ नहीं आया, लेकिन जब उन्होंने चिता की ठंडी हो चुकी राख में अपनी मां की अस्थियां तलाशनी शुरू कीं तो वे वहां नहीं मिलीं।
गांव में तीसरी घटना, ग्रामीणों में आक्रोश और दहशत
अस्थियां गायब मिलने के बाद परिजनों ने आसपास के ग्रामीणों को इसकी जानकारी दी। गांव में भी इस संबंध में पूछताछ की गई, लेकिन अस्थियों के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल सकी। इसके बाद परिजनों ने गुरुर थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई और गायब हुई अस्थियों की तलाश कर उन्हें वापस दिलाने की मांग की।
बताया जा रहा है कि ग्राम खैरवाही में इस तरह की यह तीसरी घटना है। लगातार ऐसी घटनाएं सामने आने से ग्रामीणों में आक्रोश और दहशत का माहौल है। अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि मुक्तिधाम में चिता की राख से अस्थियां आखिर कौन और किस उद्देश्य से ले जा रहा है? फिलहाल परिजन अस्थियों की तलाश और मामले में उचित कार्रवाई की उम्मीद लगाए हुए हैं।



