गौशाला ले जाने का झांसा देकर 40 गौवंश किए गायब, ओडिशा के दो गौ-तस्कर गिरफ्तार, अब तक 15 आरोपी पकड़ाए

कांकेर। कांकेर जिले के नरहरपुर क्षेत्र से लगभग 40 गौवंशों की चोरी के मामले में कांकेर पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। गौशाला ले जाने का झांसा देकर ग्रामीणों के गाय और बछड़ों को पिकअप वाहनों में भरकर ले जाने और बाद में उन्हें बेचने के मामले में पुलिस ने ओडिशा के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लछिंदर उर्फ लच्छू सतनामी और सूरी नाग के रूप में हुई है। इस प्रकरण में अब तक कुल 15 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
गौशाला पहुंचाने का दिया था झांसा
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, नरहरपुर निवासी रविकांत ठाकुर ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि 30 सितंबर 2026 की रात क्षेत्र के ग्रामीणों के गाय और बछड़े अचानक लापता हो गए थे। बताया गया कि उसी रात लगभग 11 बजे हिमांशु तिवारी, गौरव शोरी, मनीष बघेल एवं विश्वनाथ कौशिक ने ग्रामीणों को जानकारी दी थी कि उनके गौवंशों को गौशाला पंडरीपानी, सिहावा ले जाया जा रहा है।
इसके बाद लगभग 40 गौवंशों को छह पिकअप वाहनों में भरकर ले जाया गया। जब ग्रामीण गौशाला पंडरीपानी, सिहावा पहुंचे और वहां जानकारी ली तो कर्मचारियों ने गौवंशों को वहां लाए जाने से इनकार कर दिया। इसके बाद मामले की जानकारी सामने आई कि गौवंशों को गौशाला पहुंचाने के बजाय कहीं और ले जाया गया है।
10 गौवंश ग्रामीणों में बांटे, बाकी बेच दिए
जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि छह पिकअप वाहनों में ले जाए गए गौवंशों में से 10 को अलग-अलग ग्रामीणों में बांट दिया गया, जबकि शेष गौवंशों को विभिन्न लोगों के माध्यम से ओडिशा के ग्रामीणों को बेच दिया गया। चोरी किए गए लगभग 40 गौवंशों की अनुमानित कीमत 2 लाख 80 हजार रुपये बताई गई है।
प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना नरहरपुर में अपराध क्रमांक 193/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2) में मामला दर्ज कर पुलिस ने विवेचना शुरू की थी।
ओडिशा में छिपे आरोपियों तक पहुंची पुलिस
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश साहू के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी हरीश कुमार पाटिल के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी नरहरपुर निरीक्षक शिवेन्द्र राजपूत के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
जांच के दौरान चोरी किए गए गौवंशों को ओडिशा के रायघर एवं पापड़ाहांडी क्षेत्र में बेचे जाने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस टीम वरिष्ठ अधिकारियों की अनुमति से ओडिशा रवाना हुई। टीम ने आरोपी लछिंदर उर्फ लच्छू सतनामी के ग्राम झोड़ापारा, रायघर तथा सूरी नाग के ग्राम सानकुमड़ी, पापड़ाहांडी स्थित निवास पर दबिश दी, लेकिन दोनों आरोपी वहां नहीं मिले।
बाद में दोनों आरोपियों के जामगांव क्षेत्र में छिपे होने की सूचना मिली। इस पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों को अभिरक्षा में लिया।
रायघर और कोटागांव बाजार में बेचते थे गौवंश
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने विजय साहू एवं प्रियेश साहू से गौवंश खरीदकर ओडिशा के रायघर एवं कोटागांव बाजार में ग्रामीणों को बेचने की जानकारी दी। मामले में संलिप्तता पाए जाने पर दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
इन दो आरोपियों की हुई गिरफ्तारी
1. लछिंदर उर्फ लच्छू सतनामी, उम्र 38 वर्ष, निवासी ढोड्रापारा, रायघर, जिला नवरंगपुर, ओडिशा।
2. सूरी नाग, उम्र 41 वर्ष, निवासी सानकुमड़ी, थाना पापड़ाहांडी, जिला नवरंगपुर, ओडिशा।
पुलिस टीम की रही महत्वपूर्ण भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी नरहरपुर निरीक्षक शिवेन्द्र राजपूत, उप निरीक्षक बुधारू राम मरकाम, प्रधान आरक्षक विमल भास्कर, आरक्षक गुलशन मंडावी एवं आरक्षक पवन मरकाम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
कांकेर पुलिस के अनुसार, इस मामले में अब तक कुल 15 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।



