Skip to content
BREAKING
कांकेर में गांजा तस्करी पर पुलिस का बड़ा एक्शन, 55 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार; बाइक और मोबाइल सहित ₹92,400 का मशरूका जब्तआंवरी में अवैध शराब बिक्री पर पुलिस की रेड, 61 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार, 44 पौवा शराब और नगदी जब्तकांकेर पुलिस एक्शन मोड में,, नशे के कारोबारियों से लेकर गौ-तस्करों तक पर होगी सख्त कार्रवाई, SP निखिल राखेचा ने थाना प्रभारियों को दिए निर्दजनजातीय गौरव दिवस पर दुगली में भव्य आयोजन, जनजातीय संस्कृति और परंपराओं की दिखी झलकदुगली में गर्भवती महिलाओं की हुई गोदभराई, मंत्री टंकराम वर्मा और सांसद भोजराज नाग ने भेंट की पोषण बास्केटकोयलीबेडा के जंगल में मिला नक्सलियों का डम्प, भरमार बंदूक और विस्फोटक सामग्री बरामद, IED मौके पर नष्ट

जनजातीय गौरव दिवस पर दुगली में भव्य आयोजन, जनजातीय संस्कृति और परंपराओं की दिखी झलक

मंत्री टंकराम वर्मा ने भगवान बिरसा मुंडा सहित जनजातीय महापुरुषों को किया नमन, कहा- समाज का सम्मान, अधिकारों की रक्षा और सर्वांगीण विकास सरकार की प्राथमिकता

जनजातीय गौरव दिवस पर दुगली में भव्य आयोजन, जनजातीय संस्कृति और परंपराओं की दिखी झलक
📷 जितेन्द्र साहू

धमतरी, 17 नवंबर 2026। जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास, समृद्ध संस्कृति, परंपराओं और देश की आजादी में जनजातीय महापुरुषों के योगदान को सम्मान देने के उद्देश्य से विकासखंड नगरी के ग्राम दुगली में जिला स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राजस्व एवं जिला प्रभारी मंत्री टंकराम वर्मा मुख्य अतिथि तथा लोकसभा सांसद भोजराज नाग अतिविशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों और बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति रही।

समारोह में जनजातीय समाज की कला, संस्कृति, पारंपरिक लोकनृत्य, वेशभूषा और जीवनशैली की आकर्षक झलक देखने को मिली। विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से जनजातीय परंपराओं और लोकजीवन को मंच पर जीवंत किया गया। वहीं विभिन्न विभागों द्वारा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी देने के लिए प्रदर्शनी एवं स्टॉल लगाए गए, जिनका अतिथियों ने अवलोकन किया।

50 सीटर बालक छात्रावास भवन का शुभारंभ

कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि मंत्री टंकराम वर्मा ने प्रधानमंत्री जनमन अभियान के अंतर्गत शासकीय हाईस्कूल बाजारकुर्रीडीह में विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूह (पीवीटीजी) के विद्यार्थियों के लिए बनने वाले 50 सीटर बालक छात्रावास भवन के निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि छात्रावास बनने से दूरस्थ अंचलों के जनजातीय विद्यार्थियों को सुरक्षित आवासीय सुविधा मिलेगी और वे बेहतर वातावरण में अपनी पढ़ाई जारी रख सकेंगे।

भगवान बिरसा मुंडा का संघर्ष आज भी प्रेरणास्रोत : मंत्री वर्मा

मंत्री टंकराम वर्मा ने भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के अवसर पर उपस्थित लोगों को शुभकामनाएं देते हुए धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा सहित देश के महान जनजातीय स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को नमन किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल पर प्रतिवर्ष 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाई जाती है। इसका उद्देश्य जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास, संस्कृति और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाना है।

उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने जल, जंगल और जमीन के अधिकारों की रक्षा के लिए ऐतिहासिक संघर्ष किया। उनका जीवन साहस, स्वाभिमान और सामाजिक चेतना का प्रतीक है। केंद्र एवं राज्य सरकार जनजातीय समाज की शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास, पेयजल और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार कार्य कर रही है।

मंत्री ने प्रधानमंत्री जनमन योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इसके माध्यम से विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों के परिवारों को पक्के आवास, सड़क, बिजली, पेयजल, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य जनजातीय समाज के प्रत्येक परिवार तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाना और युवाओं को शिक्षा, रोजगार एवं आत्मनिर्भरता के अवसर उपलब्ध कराना है।

जनजातीय समाज के विकास के लिए मिल रहा योजनाओं का लाभ : सांसद भोजराज नाग

लोकसभा सांसद भोजराज नाग ने कहा कि जनजातीय समाज का इतिहास संघर्ष, स्वाभिमान, साहस और प्रकृति के प्रति गहरे जुड़ाव का इतिहास रहा है। देश की स्वतंत्रता और सामाजिक चेतना के निर्माण में जनजातीय महापुरुषों का महत्वपूर्ण योगदान है। उन्होंने केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा जनजातीय परिवारों के लिए संचालित शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास और आर्थिक उन्नति से जुड़ी योजनाओं का उल्लेख किया। साथ ही समाज के लोगों से शासन की योजनाओं का लाभ उठाने और बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान देने की अपील की।

36 सड़कों के निर्माण से दूरस्थ गांवों की कनेक्टिविटी होगी बेहतर : कलेक्टर

कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने जिले में जनजातीय समाज के कल्याण और जनजातीय बहुल क्षेत्रों में संचालित विकास कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा दूरस्थ एवं पहुंचविहीन क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। जिले में 36 सड़कों का निर्माण किया जा रहा है, जिससे दूरस्थ गांवों की कनेक्टिविटी बेहतर होगी। इससे ग्रामीणों को शिक्षा, स्वास्थ्य, बाजार और अन्य आवश्यक सेवाओं तक पहुंचने में सुविधा मिलेगी।

वहीं जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा ने कहा कि जनजातीय गौरव दिवस अपने पुरखों के संघर्ष, बलिदान, संस्कृति और परंपराओं को याद करने का अवसर है। जनजातीय अंचलों में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल और आजीविका से जुड़ी सुविधाओं का विस्तार विकास की प्राथमिकता होनी चाहिए।

उत्कृष्ट कार्य करने वाले हुए सम्मानित, हितग्राहियों को सौंपी पीएम आवास की चाबी

समारोह के दौरान जनजातीय समाज के उत्थान, शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन और जनसेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले समाज प्रमुखों, अधिकारी-कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। इसके साथ ही विभिन्न प्रतियोगिताओं एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिह्न प्रदान किए गए।

इस अवसर पर प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों को आवास की चाबियां भी सौंपी गईं। विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों के माध्यम से लोगों को शासन की योजनाओं, पात्रता और लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष नेहरू निषाद, जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के अध्यक्ष निरंजन सिन्हा, प्रकाश बैस सहित अन्य जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

जनजातीय गौरव दिवस का यह आयोजन जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास को याद करने के साथ ही उनकी संस्कृति, परंपराओं, अधिकारों और विकास के प्रति सामूहिक प्रतिबद्धता का संदेश दे गया।

ShareXFacebook
C
City Desk · Reporter

Ground reports from your city. Replace with your reporters in News Desk → Authors.